Share this News
कोरबा/कटघोरा 8 फरवरी ( KRB24NEWS ) : सलोरा के निदान शिविर में कलेक्टर श्रीमती कौशल ने उपस्थित ग्रामीणजनों से प्रायमरी और हाईस्कूल में पढ़ाई, मोहल्ला स्कूल के संचालन और पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम के संचालन के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूलो में पदस्थ शिक्षकों ने पढ़ाने के लिए स्वयं ही दिन निर्धारित कर लिए हैं। आधे शिक्षक एक दिन तो आधे शिक्षक दूसरे दिन स्कूल आते हैं। कलेक्टर श्रीमती कौशल ने प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर और हाईस्कूल के प्राचार्य से भी इस बारे में पूछा तो उन दोनों ने भी ग्रामीणों की बात का समर्थन किया। कलेक्टर इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शासकीय निर्देशों की अवहेलना और नियम विरूद्ध स्कूलों से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरूद्ध उपस्थिति वैरिफिकेशन जांच करने के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए। उन्होंने सलोरा और छुरी के स्कूलों की उपस्थिति पंजी पंचनामा बनाकर जप्त कर पदस्थ सभी शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति के आधार पर ही वेतन आहरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यह भी चेतावनी दी की यदि अनुपस्थित रहने वाले दिनो के लिए शिक्षकों का वेतन आहरण कर लिया गया हो तो संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार होंगे और उनके विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
