Share this News
कोरबा/कटघोरा 8 फरवरी ( KRB24NEWS ) महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के बाद कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने लापरवाह सेक्टर सुपरवाईजर श्रीमती जाटवार को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर श्रीमती कौशल ने यह कार्रवाई निदान 36 शिविर में कटघोरा विकासखण्ड के सलोरा ग्राम पंचायत में की। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने पूछने पर कलेक्टर को बताया कि पिछले एक सप्ताह से बच्चों को पोषक आहार का वितरण नही किया गया है। आंगनबाड़ी केन्द्र भी देरी से खुलते हैं। इस पर कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी और सेक्टर सुपरवाईजर पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी स्वास्थ्य केन्द्र को नहीं देने से सेक्टर सुपरवाईजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति नाराजगी व्यक्त की और कार्य में लापरवाही पर सुपरवाईजर श्रीमती जाटवार को मौके पर ही निलंबित कर दिया और परियोजना अधिकारी की एक वेतन वृद्धि रोकने के भी निर्देश दिए।
