Share this News

सरगुजा राजपरिवार के मुखिया और छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव की पत्नी इंदिरा सिंह का शनिवार सुबह निधन हो गया। वे करीब छह माह से कैंसर से पीड़ित थीं। थोड़ी देर में इंदिरा सिंह का अंतिम संस्कार रानी तालाब, अंबिकापुर में किया जाएगा। इंदिरा सिंह के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य राजनेताओं ने शोक जताया है।

इंदिरा सिंह का जन्म 12 अप्रैल 1950 को धरमजयगढ़ राजपरिवार में हुआ था। इंदिरा सिंह करीब छह माह से कैंसर से पीड़ित थीं। उन्हें उपचार के लिए मेदांता हास्पिटल दिल्ली में भर्ती किया गया था। वहां उन्हें कैंसर की पुष्टि होने पर मुंबई के प्रमुख अस्पताल में दाखिल किया गया था।

इंदिरा सिंह के उपचार के लिए टीएस सिंहदेव लगातार उनके साथ रहे। विधानसभा चुनाव के बाद टीएस सिंहदेव कुछ ही समय अंबिकापुर और छत्तीसगढ़ में दे सके।

एयर एंबुलेंस से पहुंची थीं अंबिकापुर

मुंबई के प्रमुख हॉस्पिटल से उन्हें 13 जून 2024 को एयर एंबुलेंस के माध्यम से लाया गया था। उन्हें टीएस सिंहदेव के निवास तपस्या में रखा गया था। शनिवार सुबह 8 बजे इंदिरा सिंह ने अंतिम सांसें लीं। उनका अंतिम संस्कार दोपहर दो बजे स्थानीय रानी तालाब, अंबिकापुर में किया जाएगा। इंदिरा देवी के निधन की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग तपस्या पहुंचे हैं।

भूपेश बघेल ने जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंदिरा सिंह के निधन पर शोक जताया है। भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है- सरगुजा राजपरिवार की इंदिरा सिंह (बेबी राज जी) का देहांत हो गया है। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से संघर्ष कर रही थीं।

हम सब उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं। इस दुख की घड़ी में सिंहदेव परिवार के साथ हम सब हैं। यह हमारी पारिवारिक क्षति भी है। अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए अमरकंटक से रवाना हो रहा हूं। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज भी अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए हैं। कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी अंबिकापुर तपस्या पहुंचे हैं।