Share this News

कोरबा पाली /6नवंबर 2024 (KRB24NEWS)

अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय बिलासपुर छत्तीसगढ़ द्वारा जारी नवीनतम अधिसूचना के अनुसार शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली ज़िला कोरबा में कार्यरत सहायक प्राध्यापक डॉ शैख तस्लीम अहमद को वाणिज्य विषय के पीएचडी शोध निदेशक के रूप में मान्यता मिली है। इससे महाविद्यालय में अध्ययनरत वाणिज्य संकाय के स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों को उच्च अध्ययन में सीधा लाभ होगा, एवं शोध गतिविधियों में भी गति आएगी। डॉ. अहमद को शोध निदेशक बनाए जाने पर छात्र छात्राओं एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ पुष्पराज लाजरस पूर्व में ही हिन्दी विषय के पीएचडी शोध निदेशक के रूप में कार्य कर रहे हैं। इस प्रकार अब महाविद्यालय में शोध निदेशकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। जून 2013 में स्थापित पाली महाविद्यालय द्वारा अल्प समय में ही अनेक अकादमिक उपलब्धियों जैसे नैक बेंगलुरु द्वारा बी ग्रेड से प्रत्यायन, पी एम उषा योजना अंतर्गत 5 करोड़ का अनुदान, एनएसएस एवं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन एवं शोध निदेशक के रूप में मान्यता आदि पर जन प्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों , शिक्षाविदों ,पूर्व विद्यार्थियों ,एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उत्तरोत्तर प्रगति हेतु शुभकानाएं व्यक्त की हैं।