Share this News

कोरबा/कटघोरा 4 अगस्त 2024 : ऐसा लगता है कि कटघोरा नगर पालिक परिषद बारिश के इस सीजन में बीमारियों को फैलने का न्यौता दे रही है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्यों कि नगर के अधिकांश वार्डों में कचरा और गदंगी का फैलाव है। जानकारी होने पर भी इसका निपटारा न होना समझ से परे है।

कटघोरा के वार्ड क्रमांक 9 और 6 में स्थिति कुछ ज्यादा ही गंभीर है। यहां कई जगह गंदगी लंबे समय से पसरी हुई है। इसे हटाने की जरूरत नगर पालिका की स्वस्छता टीम नहीं समझ रही है। दूसरे वार्डों में कमोवेश इसी प्रकार के हालात बने हुए है। लोगों के घरों से लेकर संस्थानों से हर रोज निकलने वाला कचरा यहां वहां फेंका जा रहा है। समय के साथ इसकी मात्रा बढ़ रही है और साथ में समस्याएं भी। लगातार हो रही बारिश से खतरें वैसे भी बढ़े हुए है। गंदगी और जल जमाव की स्थिति में बीमारी के वाहक अपनी सक्रियता दिखाते है और इसके असर से लोग बीमार पड़ जाते है। जिस प्रकार की तस्वीर नगर के अनेक हिस्सों में निर्मित है, उसे देख यही लगता है कि नगर पालिका इस मामले में उदासीन है। नपा के सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र की पदास्थापना के बाद से इस प्रकार की परेशानियां लोगों के सामने है। वे समझ नहीं पा रहे है कि स्वच्छता अभियान पर फोकस करने वाला निकाय आखिर इस तरह से लापरवाह क्यों बना हुआ है।


बारिश के सीजन से पहले सफाई होती तो मिलती राहत
अगर इससे पहले नालियों की सफाई हो जाती है, तो बारिश में मच्छरों से राहत मिलेगी। वरना दुर्गंध के साथ मलेरिया, डेंगू जैसे बीमारी का सामना करना पड़ेगा। गौरतलब है कि नगर के कई वार्डों में नाली तो बनी है लेकिन गंदगी से ये नालियां बजबजा रहीं है। वार्ड नं 6 राजीव नगर में नालियों का हाल बेहाल है। यहां की गंदगी और बदबू से यहां के रहवासी काफी परेशान है। बारिश के पानी से नालियों का पानी सड़क पर बहता नज़र आता है। लेकिन नगर पालिका परिषद को इन सबसे कोई सरोकार नही हैं । सीएमओ की उदासीनता से नगर के सभी वार्डों में यह हाल निर्मित है। नालियों में गंदगी व पानी से बदबू आने लगी है, जसकी वजह से मच्छर पनप रहे हैं।
