Share this News

छत्तीसगढ़ राज्य में शराब किस तरह परिवारों को तोड़ रहा है, उन परिवारों की खुशियां छीन रहा है इसके एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों उदाहरण है. हर दिन होते अपराध के मूल में शराब का नशा नजर आ रहा है. नया मामला भी कुछ इससे ही मिलता-जुलता है जब पति के शराबखोरी से तंग महिला ने खुद के ऊपर मिट्टी तेल उड़ेलकर खुदकुशी का प्रयास किया. आत्मघाती कदम उठाने वाली महिला कोतवाली थाना क्षेत्र के गौ माता चौक के पास रहती है. फिलहाल उसे डायल 112 के जवानों ने अस्पताल दाखिल करा दिया है.

जानकारी के मुताबिक उन्हें पड़ोसी से सूचना मिली थी एक महिला ने खुद को आग के हवाले कर लिया है. डायल 112 की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची उन्होंने झुलसी हुई महिला को कंबल से लपेटा और फिर वाहन से सीधे जिला अस्पताल लेकर आये. फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला का नाम सावित्री साहू बताया जा रहा है. सावित्री दो बच्चों की मां है जबकि पति आदतन शराबी है. वह हर दिन शराब के नशे में घर पहुंचता है और बीवी-बच्चो के साथ मारपीट और लड़ाई झगड़ा करता है. संभवत इसी बात से तंग आकर बीवी ने खुद को खत्म करने का ठान लिया था.