Share this News

बिलासपुर (KRB24 News) : भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई है तब से ही प्रदेश का विकास पूरी तरह थम गया है। गांव हो या शहर हर जगह स्थिति एक ही है। बुनियादी सुविधा के लिए आमजन संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल किए गए नए क्षेत्रों में विकास योजनाओं की स्थिति शून्य हैं। हमारी जब सरकार थी इन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की गई थी। नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि आज हम सब विकास भवन के सामने विकास कार्यों की मांग को लेकर एकत्रित हुए है। निश्चित ही कुंभकरणी निंद्रा में सोई कांग्रेस की सरकार जरूर जागृत होगी।
सांसद अरूण साव ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कहीं भी मंशा नहीं है कि विकास की योजनाओं को लागू किया जाए। सड़क, बिजली व पानी जैसे बुनियादी सुविधा से लोग वंचित है। और प्रदेश की कांग्रेस सरकार कागजी योजनाओं को बनाने में लगी हुई है। जिसका धरातल से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा सही होती तो गांव, गरीब की चिंता इस सरकार की योजना में जरूर दिखती।
पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि विकास को लेकर राजनीतिक चश्मा का सहारा ले रही है कांग्रेस इस कारण ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में शामिल किए गए वार्डों का विकास नहीं हो रहा है। जब हमारी प्रदेश में सरकार थी तब विकास को लेकर हर क्षेत्र की समरूपता थी पक्षपात कहीं भी नहीं था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वेष की दुर्भावना के साथ काम कर रही है। समय आने पर जनता जरूर जवाब देंगी
प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि बिल्हा, मस्तूरी, बेलतरा, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के शामिल किए गए ग्रामीण क्षेत्रों के नए वार्डों में बुनियादी सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा है। यही कारण है कि हम सब धरना प्रदर्शन के माध्यम से लोकतांत्रिक ताकतों का सहारा लेकर अपनी बातों को मनवाने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विवश कर रहे है।
पूर्व मंत्री व विधायक डाॅ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जिन इलाकों में भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधि है उन क्षेत्रों में विकास को लेकर ध्यान नहीं दे रही है। जब हमारी सरकार प्रदेश में थी हमने छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को ध्यान दिया है। इस सरकार को दुर्भावना से काम न करते हुए जनहित को ध्यान में रखकर सदभावना से कार्य करना चाहिए।
विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि जब हमारी सरकार थी इन इलाकों में विकास की तस्वीर कुछ और थी बुनियादी सुविधाओं से आमजनों को हमने जोड़े रखा था लेकिन जब से कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है विकास किस चिड़िया का नाम अब सब पूछने लगे हैं। विकास विरोधी इस सरकार का हम हर मोर्चे पर विरोध करते है।
राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस का वास्ता कभी भी विकास से नहीं रहा है। देश के विकास से कांग्रेस का कभी लेना-देना नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विकास योजना का खाखा दिल्ली के कांग्रेस की अपनी राजधानी में तय हो रहा है। इसलिए हमारी बुनियादी बातों की चिंता नहीं की जा रही है। जिसके लिए ही हम सब विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर अन्य वक्ताओं ने भी धरना प्रदर्शन में अपने विचार रखें। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
