Share this News

रायपुर (KRB24 News) : राजधानी रायपुर की महिला मेक-अप आर्टिस्ट ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गयी। शातिर ठग ने वेडिंग सीजन का फायदा उठाकर महिला को विश्वास में लेकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

मामला खम्हारडीह थाना इलाके के अंतर्गत वृंदावन कॉलोनी निवासी महिला का है जहाँ उसे व्हाट्सएप पर शातिर ठग का मैसेज आया जिसने अपना आईडी कार्ड भेज खुद को इंडियन आर्मी का अफसर बताते हुए 4-5 जनवरी को बहन की शादी में मेक-अप करने का बुकिंग एडवांस पेमेंट भेजने की बात कही और गूगल-पे के माध्यम से महिला को 75 हज़ार का चूना लगा दिया।

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने अपना नाम मनजीत सिंह बताया था। पेमेंट आर्मी मशीन से करने की बात कहते हुए गूगल-पे पर लिंक भेजते हुए लिंक पर क्लिक करते हुए जैसा कहा जाए वैसा करने को कहा। जिसके बाद कुल 4 बार में महिला के बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 75 हज़ार रुपए पार हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी मनजीत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर साइबर सेल टीम की मदद से उसके दोनों मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर आरोपी तक पहुँचने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही गूगल पे से ABP नामक एकाउंट पर पैसा ट्रांसफर हुआ है, उसकी जानकारी भी निकाली जाएगी और जल्द ही आरोपी को गिरफ़्तार किया जाएगा।