Share this News

पाली विकासखंड के अंतर्गत स्थित ग्राम सपलवा में हाई स्कूल, मिडिल स्कूल एवं स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 15अगस्त स्वतंत्रता दिवस का समारोह अत्यंत उल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्रत्येक संस्थान देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ नजर आया। विद्यालयों में तिरंगे की छटा और देशभक्ति गीतों की स्वर लहरियाँ वातावरण को गौरवमयी बना रही थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर सपलवा के माननीय सरपंच श्री ललित सिंह तंवर ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

उनके साथ संतराम, होरीलाल, रामचरण, इंद्रजीत सिंह, अनिता जांगड़े, मानिक दास, रामप्रकाश, हेमराज कँवर, डॉ. श्रीवास्तव, डॉ. साहू, सावन सिंह (पूर्व सरपंच) जैसे अनेक विशिष्ट जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने हेतु उपस्थित रहे विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, समस्त शिक्षकगण, शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, और अभिभावकगण भी आयोजन में शामिल हुए। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान के गान से सम्पूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आरंभ हुईं। रंगारंग कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों, भाषणों, नाटकों एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कविताएं और लघु नाट्य दर्शकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहीं, जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को हृदयस्पर्शी रूप से प्रदर्शित किया गया।मुख्य अतिथि श्री ललित सिंह तंवर ने अपने सारगर्भित संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं से अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देती है। अन्य अतिथियों ने भी अपने वक्तव्यों के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और विद्यालय परिवार को इस भव्य आयोजन के लिए साधुवाद प्रेषित किया। अंत में “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।