Share this News

पाली : जिले के पाली विकासखंड में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन ( अनाज) योजना के तहत खरीफ वर्ष 2025-26 के लिए राइसग्राम क्लस्टर प्रदर्शन का आयोजन किया गया है । इस योजना के अंतर्गत पाली विकासखंड को 50 हेक्टेयर में राइसग्राम प्रदर्शन का लक्ष्य आबंटन हुआ है।

प्रदर्शन आयोजन हेतु नवापारा, पुलालीकला और मुंढाली ग्राम को चुना गया है, जहाँ 50 किसानों को इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए चयनित किया गया है।राइसग्राम क्लस्टर प्रदर्शन एक ऐसी पहल है, जिसका मकसद किसानों को उन्नत तकनीकों के जरिए धान की खेती में बेहतर उत्पादन और गुणवत्ता हासिल करने में मदद करना है। इस योजना के तहत MTU 1156 किस्म का धान बीज 75 किलो प्रति हेक्टेयर के हिसाब से किसानों के प्रदर्शन रकबा अनुसार बीज उपलब्ध कराया गया है। इस किस्म को इस क्षेत्र की मिट्टी और जलवायु के लिए उपयुक्त माना जाता है। वर्तमान में इन गाँवों में धान की रोपाई का काम जोर-शोर से चल रहा है।2 अगस्त 2025 को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री अजय सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने नवापारा गाँव का दौरा किया। इस टीम में एम.एस. गोंड (RAEO), नवीन कुमार जायसवाल (RAEO), महेश कुमार (RAEO), और प्रदर्शन प्रभारी ए.एल. मरकाम (RAEO), सैला शामिल थे। इस दौरान टीम ने राइसग्राम प्रदर्शन के लिए चयनित खेतों का जायजा लिया और वहाँ कतार रोपण (लाइन रोपाई) की तकनीक का उपयोग कर रही महिला किसानों से मुलाकात की।

टीम ने न केवल खेतों में जाकर धान की रोपाई का निरीक्षण किया, बल्कि महिला किसानों को कतार रोपण की तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अजय सिंह और उनकी टीम ने खेतों में उतरकर महिला किसानों के साथ धान की रोपाई की और उन्हें इस उन्नत तकनीक के फायदे बताए। कतार रोपण से न केवल खेती में समय और मेहनत की बचत होती है, बल्कि फसल की पैदावार भी बढ़ती है।महिला किसानों को प्रोत्साहित करते हुए टीम ने इस योजना के तहत उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी सहायता के बारे में भी चर्चा की। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएँ और अनुभव साझा किए, जिनका समाधान मौके पर ही सुझाया गया।