Share this News

कोरबा : कोरबा जिले के कटघोरा तहसील में ऑपरेशन सिंदूरकी ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। जिसमें मिशन क्लीन सिटी में कार्यरत महिला कर्मचारी एवं महिला बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। यह रैली नगर पालिका परिषद के कार्यालय से प्रारंभ होकर शहीद वीर नारायण चौक तक निकाली गई। इस अवसर पर नगर पालिका की महिला पार्षदों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने देश की बेटियों द्वारा हासिल इस विजय का गौरवपूर्ण उत्सव मनाया और देश के लिए एकजुटता एवं समर्पण का संदेश दिया।

 रैली के दौरान वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद श्रीमती राजेश्वरी जात्रा ने कहा की ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारी सेना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत शांति का पक्षधर है। लेकिन यदि पाकिस्तान युद्ध थोपता है, तो हम विजय की इबारत खुद लिखेंगे। इस अभियान में देश की दो बेटियों की सक्रिय भूमिका यह दर्शाती है कि भारत में नारी शक्ति सिर्फ पूजा की वस्तु नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में अग्रणी है। बेटियां आज देश की रक्षा के मोर्चे पर भी अदम्य साहस के साथ खड़ी हैं। इस रैली में वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद मधुलता कश्यप, नगर पालिका कर्मचारी चेतना मरकाम, श्रीमती चँदा कश्यप, पीआईयू अधिकारी प्राजंलि तिवारी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने भारत की सैन्य उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए नारी सशक्तिकरण का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। रैली के दौरान ‘जय हिंद’, ‘भारत माता की जय’, ‘नारी शक्ति जिंदाबाद’ जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

 इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना और देश के प्रति एकजुटता का संदेश देना था। नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा यह आयोजन न केवल ‘‘ऑपरेशन सिंदूर’’ की वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास था, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान और देशभक्ति का भी सुंदर संगम रहा।