Share this News

कोरबा : रेल कॉरिडोर के कारण भविष्य में कृष्णा नगर दीपका के टापू बन जाने और प्रदूषण की खतरे को देखते हुये बस्ती का पूर्ण अर्जन की मांग पर यहां के नागरिक अब रेल रोको आंदोलन की तैयारी में है और घोषणा किया है कि 20 अगस्त को गेवरा -दीपका के बीच रेल मार्ग में चलने वाली रेलगाड़ी को चलने नहीं दिया जाएगा।
गेवरा पेंड्रा रेल कॉरिडोर परियोजना से एसईसीएल दीपका गेवरा से सम्पर्क रेल लाइन के कारण नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड 7 कृष्णा नगर वासियों के लिए अभिशाप बन जाने का खतरा मंडरा रहा है । इस रेल पथ के प्रस्ताव आने के बाद से ही विरोध हो रहा है। कृष्णा नगर चारों दिशाओं से रेल पथ , कोयला सडक़ , वाशरी से घिर रहा है जिससे यहां के रहवासियों को आवागमन के साथ ही प्रदूषण की समस्याओं से जीना दूभर हो जाएगा ।
पूर्व में यहां के 42 मकानों का अर्जन किया जा चुका है और बस्ती से रेल लाइन गुजरने से अन्य 140 मकान में रहने वाले 3000 से ज्यादा की आबादी प्रभावित होंगे जिनका पूर्ण अर्जन अन्य स्थान पर पुनर्वास की मांग की मांग की जा रही है बस्तीवासी अपने चरणबद्ध आंदोलन के तहत पूर्व में एसडीएम कार्यालय कटघोरा और कलेक्ट्रेट में रैली प्रदर्शन कर चुके हैं और 20 अगस्त को रेल जाम करने की चेतावनी दिया हुआ है 6 अगस्त को कलेक्टर ने रेल व एसईसीएल प्रबन्धन के साथ वार्ता का आश्वासन दिया था पर अभी तक किसी तरह की पहल नही हुआ है इसलिए रेल जाम की तैयारी को लेकर कृष्णा नगर के लोगों ने आज बैठक किया और बस्ती के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर हाथों में तख्ती लेकर अपनी गुस्सा का इजहार भी किया है ।
