Share this News

कोरबा पाली/7 अगस्त 2024(KRB24NEWS):

शासकीय विद्यालयों में पालकों एवं शिक्षकों में बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों को विद्यालय एवं घर में शिक्षा हेतु अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने, उन्हें बेहतर शिक्षा प्रदान करने, उनका चहुँमुखी विकास करने एवं विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के मंतव्य को लक्ष्य कर शासन के निर्देशानुसार संकुल केंद्र जेमरा मुख्यालय में संकुल स्तरीय पालक शिक्षक मेगा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें संकुल अंतर्गत समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, पालकों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यादायिनी माँ सरस्वती के पूजन, सरस्वती वंदना एवं राज्यगीत के साथ हुआ। कार्यक्रम के प्रभारी महाबीर प्रसाद चंद्रा (व्याख्याता, शा.उ.मा.वि.लाफा) एवं पर्यवेक्षक प्रमोद राठौर,(व्याख्याता, बालक.उ.मा.वि.हरदीबाजार) ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए आयोजन के उद्देश्यों एवं निर्धारित 12 बिंदुओं के एजेण्डा पर विस्तार से चर्चा की एवं सदन को चर्चा में सम्मिलित करते हुए प्राप्त विचारों पर सार्थक एवं विस्तृत समाधानमूलक विमर्श किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद के रूप में उपस्थित रहे श्री कृष्णकुमार, स्वास्थ्य विभाग से श्रीमती ज्योति सोनकर, राजस्व विभाग से पटवारीद्वय मंजीत लकड़ा एवं शिवकुमार कमल, वन विभाग से मोहितराम यादव ने भी अपने विचार रखे एवं अपने विभाग से संबंधित कल्याणकारी शासकीय योजनाओं से सदन को अवगत कराया। उपस्थित शिक्षकों एवं पालकों ने भी मंच पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भंवर सिंह (सरपंच, ग्राम पंचायत जेमरा), विशिष्ट अतिथि नारायण सिंह (जनपद सदस्य लाफा), शाला प्रबंधन समिति जेमरा से अध्यक्ष समार सिंह फुलेसर, थान सिंह, छत्रपाल सिंह, शिवकुमार कोराम आदि की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुनील कुमार शर्मा द्वारा एवं आभार प्रदर्शन संकुल जेमरा के शैक्षिक समन्वयक समीर खान जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुमन जांगड़े सर, श्रीमती आर्य मैडम, भास्कर सर, रामभरोस कंवर सर, केशव सर, शिवशंकर सिंह, जीवनलाल, हेमंत राज, राजेश आर्मो आदि की सराहनीय एवं सक्रिय भूमिका रही।