Share this News

कोरबा : मध्य रात्रि 2 बजे अनियंत्रित हुई एक कार नाले में जा गिरी। चालक को झपकी आने और उसी दौरान सडक़ पर आई मवेशी को बचाने के फेर में यह घटना हुई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि 6 को सामान्य चोटें आई हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल कोरबा में भर्ती कराया गया है।

जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा बायपास पर यह एक्सीडेंट हुआ। हमारे संवाददाता ने बताया कि सक्ती जिले का एक परिवार अपने परिजन की मृत्यु के बाद अस्थि विसर्जन के लिए उत्तरप्रदेश के प्रयागराज गया हुआ था। त्रिवेणी संगम में परंपरा पूर्ति के बाद संबंधित लोग कार से सक्ती लौट रहे थे। कटघोरा के जेंजरा बायपास पहुंचने पर अचानक एक मवेशी ने सडक़ पार करने की कोशिश की।

उस समय कार की रफ्तार औसत के आसपास थी। मवेशी को बचाने के चक्कर में चालक ने अचानक ब्रेक का उपयोग किया। इसके नतीजन कार बेकाबू होने के साथ नाले में जा गिरी। बताया गया कि दुर्घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, 6 अन्य को सामान्य चोटें आई। हादसे की जानकारी राहगीरों के जरिए स्थानीय पुलिस को प्राप्त हुई। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने फौरन डॉयल 112 को मौके पर भिजवाया। पुलिस कर्मियों ने पीडि़तों की सुध लेने के साथ उन्हें हायर सेंटर भेजने की कार्यवाही की।