Share this News

कोरबा : जिले के कटघोरा व कोरबा वनमंडल में बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों को खतरा बढ़ गया है। आज सुबह 8 बजे के लगभग कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में मौजूद हाथियों का दल रेंज अंतर्गत कापानवापारा के पास मुख्य मार्ग के निकट पहुंच गया था। हाथियों के मुख्य मार्ग के निकट पहुंचने से आवागमन लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा।
इस दौरान हाथियों की वजह से लगे जाम में लोग फंसे रहे और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही।

जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और लोगों को सतर्क करने के साथ मुख्य मार्ग के निकट विचरण कर रहे हाथियों के दल को खदेड़ा। वन अमला द्वारा खदेड़े जाने पर हाथियों ने जंगल का रूख किया। हाथियों के जंगल जाने के बाद आवागमन सामान्य हुआ और जाम में फंसे लोग अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।