Share this News

हैदराबाद 22 अगस्त ( KRB24NEWS ) : एक 25 साल की महिला ने 5 हजार से अधिक बार दुष्कर्म करने का बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि बीते वर्षों में 139 लोगों ने उसका कई बार बलात्कार किया. महिला ने कहा कि उसके पूर्व पति के कुछ परिजनों ने भी उसका यौन उत्पीड़न किया है. महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है. महिला ने छात्र संघ के नेताओं, फिल्म जगत तथा अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

हैदराबाद की रहने वाली महिला का कहना है कि 2009 में उसकी शादी हुई थी और शादी के तीन महीने बाद ही उसके पति के कई सदस्यों ने उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया और यह पूरे नौ महीने तक जारी रहा. महिला के मुताबिक दिसंबर 2010 में उसका तलाक हो गया, जिसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए अपने माता-पिता के घर आ गई.

कई लोगों ने महिला का यौन शोषण किया और इस दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो बना लिए. महिला का आरोप है कि कई बार उसका गैंगरेप किया गया और यहां तक कि जब वह गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात भी कराया गया. आरोप के मुताबिक महिला को ड्रग दिए गए, ताकि वह न्यूड डांस कर सके और इस दौरान उसके शरीर पर सिगरेट के निशान दाग दिए गए. महिला का आरोप है कि आरोपियों ने हथियार के बल पर धमकी दी थी कि यदि उसने सहयोग नहीं किया तो अंजाम बुरा होगा.

एनजीओ की मदद से मिली हिम्मत

महिला ने पुलिस को बताया कि उसे जान का खतरा था. जब उसने एक एनजीओ के साथ अपनी सारी व्यथा सुनाई तो एनजीओ ने उसे सपोर्ट दिया. इसके बाद पुंजागुट्टा पुलिस थाने में इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (2), 509, 354 के तहत एफआईआर दर्ज कराई. एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है.