Share this News

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद पुलिस ने 3 करोड़ 80 लाख रुपए के नकली नोट मामले में मुख्य आरोपी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से जेके बॉन्ड पेपर, नोट छपाई की स्याही, 500-200 के नकली नोट, 2 बाइक और एक पिकअप भी जब्त किया है। दरअसल, सरायपाली पुलिस ने 31 जनवरी 2024 को पिकअप क्रमांक CG 13 AU 4670 से 3 करोड़ 80 लाख रुपए के नकली नोट के साथ चालक अरुण सिदार (19) सरायपाली निवासी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से सरायपाली पुलिस और साइबर सेल की टीम मुख्य आरोपी की तलाश कर रही थी।
महासमुंद पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और उसके आने जाने वाले सभी संदिग्ध लोकेशन की तफ्तीश कर रही थी। जांच में 29 फरवरी को नकली नोट का मुख्य सरगना विजय कुमार (46) रायपुर निवासी को पकड़ा। इसके साथ ही प्यारेलाल कुर्रे (36) और राजू बंजारे (35) ग्राम धमनी निवासी को कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। इसके बाद पूरे मामले का राज खुला। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए वाहन सहित नकली नोट बनाने का सामग्री भी जब्त किया है। महासमुंद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी पूर्व में भी इस तरह की घटना को अंज़ाम दे चुके हैं।
