Share this News

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गर्मी शुरू होते ही एक बार फिर से जंगली हाथियों का उत्पात शुरू हो चुका है। रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के अलग-अलग गांव में बीती रात जंगली हाथियों ने आधे दर्जन से अधिक किसानों की फसलों को क्षति पहुंचाया है। साथ ही धान खरीदी केन्द्र में भी 2 जंगली हाथियों ने 4 बोरी धान की बोरियों को नुकसान पहुंचाया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गर्मी शुरू होते ही रायगढ़ जिले के जंगलों में विचरण कर रहे जंगली हाथियों का रूख गांवों की ओर हो जाता है। भोजन और पानी की तलाश में भटकते-भटकते जंगली हाथी कभी भी गांव में दस्तक देकर जमकर तबाही मचाते हुए वापस जंगलों में लौट जाते हैं। इसी क्रम में रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 15 किलोमीटर दूर बंगुरसिया गांव के धान खरीदी केन्द्र में बीती रात दो जंगली हाथियों ने दस्तक दी।
जहां जंगली हाथियों ने धान खरीदी में रखे 4 बोरी धान को नुकसान पहुंचाया है। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पतझड़ लगते ही जंगली हाथी गांव तक पहुंचते हैं। खेतों में लगी हरी भरी फसल के अलावा धान की खुशबू जंगली हाथियों को अपनी ओर आकर्षित करती है, जिससे हाथी फसल नुकसान पहुंचाते रहते हैं। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र में 30 से 40 बोरी धान बाहर में रखा हुआ था। बीती रात जंगली हाथियों ने यहां चार बोरी धान को नुकसान पहुंचाया है। सुबह धान खरीदी केन्द्र के लोगों को धान को अंदर रखने को कहा गया है। जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ और छाल रेंज में इन दिनों 67 जंगली हाथियों का दल अलग-अलग विचरण कर रहा है। इस दल में 14 नर, 36 मादा और 17 शावक शामिल हैं। इसमें छाल के कुडेकेला में 14, छाल में 12, लैलूंगा के चिंगारी में 15 के अलावा बोरो में 12 जंगली हाथी की मौजदूगी है।
इसके साथ ही अलग-अलग गांवों में भी जंगली हाथियों की मौजूदगी है। इसी तरह रायगढ़ वन परिक्षेत्र के जंगलों में इन दिनों 15 जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं, जिसमें 7 नर, 5 मादा व 3 शावक शामिल है। रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र को मिलाकर जिले में 82 जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं। जंगली हाथियों ने बीती रात आमापाली में धान की फसल, नागदरहा में धान की फसल, बांसाझार में धान की फसल, लैलूंगा रेंज के गंजपुर में दो किसानों की आलू और गेंहू की फसल को नुकसान पहुंचाया गया है। इसी तरह रायगढ़ वन परिक्षेत्र के बंगुरसिया में जंगली हाथी ने धान की बोरी के अलावा मूंगफली की फसल को नुकसान पहुंचाया है।
