Share this News

कोरबा : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड दीपका कोल माइंस में दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। मंगलवार को सुबह यहां हुए घटनाक्रम में एक चालक की मौत हो गई। वह जनजाति समुदाय से वास्ता रखता था। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि सुबह 9 बजे यह घटना दीपका कोल माइंस में हुई। सुरेंद्र सिंह मरकाम 21 वर्ष पिता रमुन सिंह मरकाम निवासी कर्रा नवापारा थाना पाली इस घटना में मृत हो गया। पता चला कि वह डीबी पावर का लिंकेज कोयला लोड कर गंतव्य जाने के लिए निकला था। उसने दीपका खदान के कोल स्टॉक से लोड प्राप्त किया था।
कोयला लोड करने के बाद अचानक ट्रेलर बर्म पार करने के साथ नीचे पलट गया। फौरी तौर पर चालक को एसईसीएल गेवरा स्थित विभागीय अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि इस दुर्घटना होने के बाद ही उसकी मौत हो गई थी। हादसे को लेकर क्या कारण रहे, यह अगली जांच का हिस्सा हो सकते हैं। याद रहे पिछले कुछ दिनों से कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल की माइंस में हादसे हो रहे हैं। इन्हें लेकर कई प्रकार के सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे प्रकरणों की जांच डीजीएमएस की ओर से की जा रही है।
माना कि भूगर्भ में मौजूद कोयला का दोहन राष्ट्र की जरूरत के लिए प्रासंगिक है और इसके माध्यम से कोयला कंपनी सहित देश को बड़ा फायदा भी हो रहा है। इन सबके बावजूद डीजीएमएस के प्रमुख अधिकारी प्रभात कुमार खुद स्वीकार करते हैं कि कोयला कंपनियां प्रकृति के विरूद्ध काम कर रही है। इसलिए ऐसे मामलों में सुरक्षा बहुत ज्यादा आवश्यक है और किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
