Share this News

कोरबा : रामलला को लगने वाले छप्पन भोग में छत्तीसगढ़ के चावल के बाद अब शबरी की नगरी शिवरीनारायण के बेर भी शामिल हो गया है। कोरबा के 17 भक्तों की टोली शिवरीनारायण से विशेष रथ में 100 किलोग्राम बेर लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। तीन दिन की यात्रा के बाद शुक्रवार की रात को रथ अयोध्या पहुंचा, यहां मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को बेर की टोकरियां सौंपी।

अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा से पहले देश भर में उत्साह का माहौल है। भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ स्थित शबरी की नगरी शिवरीनारायण से कोरबा के दीपका में रहने वाले अनुज यादव की अगुवाई में भक्त बुधवार 17 जनवरी को भगवान नर नारायण मंदिर की पूजा अर्चना के बाद निकले। शिवरीनारायण से जांजगीर नैला, कोरबा, दीपका, कटघोरा, अंबिकापुर, बनारस होते हुए भक्त 19 जनवरी को अयोध्या पहुंचे। रास्ते में जगह- जगह श्रद्धालुओं ने रथ का स्वागत किया।