Share this News

कोरबा पाली 28 दिसंबर 2023(KRB24NEWS):
नगर पंचायत पाली केइंदिरा नगर टावर मोहल्ले में राठौर परिवार द्वारा स्व भागवत प्रसाद राठौर की स्मृति में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का श्रद्धाभक्ति भाव के साथ समापन हो गया है

.इस कथा के कथावाचक पंडित कौशल मणि तिवारी ने 7 दिनों तक क्षेत्र के श्रद्धालुओं श्रोताओं को भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों की कथा को सोदाहरण संगीतमय श्रवण कराकर भक्ति गंगा प्रवाहित की. भागवत कथा में चार वेद, पुराण, गीता एवं श्रीमद् भागवत महापुराण की व्याख्या, प्रभुपाद,राजा हरिश्चंद्र आदि कथा का उपस्थित भक्तों को श्रवण कराया। विगत सात दिनों तक भगवान श्री कृष्ण जी के वात्सल्य प्रेम, असीम प्रेम के अलावा उनके द्वारा किए गए विभिन्न लीलाओं का वर्णन कर वर्तमान समय में समाज में व्याप्त अत्याचार, अनाचार, कटुता, व्यभिचार को दूर कर सुंदर समाज निर्माण के लिए युवाओं को प्रेरित किया। इस धार्मिक अनुष्ठान के सातवें एवं अंतिम दिन भगवान श्री कृष्ण के सर्वोपरी लीला श्री रास लीला, मथुरा गमन, दुष्ट कंस राजा के अत्याचार से मुक्ति के लिए कंसबध, कुबजा उद्धार, रुक्मणी विवाह, शिशुपाल वध एवं सुदामा चरित्र का वर्णन कर लोगों को भक्तिरस में डुबो दिया। इस दौरान भजन गायन ने उपस्थित लोगों को ताल एवं धुन पर नृत्य करने के लिए विवश कर दिया। पंडित जी ने सुंदर समाज निर्माण के लिए गीता से कई उपदेश के माध्यम अपने को उस अनुरूप आचरण करने कहा जो काम प्रेम के माध्यम से संभव है, वह हिंसा से संभव नहीं हो सकता है। समाज में कुछ लोग ही अच्छे कर्मों द्वारा सदैव चिर स्मरणीय होता है, इतिहास इसका साक्षी है। लोगों ने देर शाम तक इस संगीतमयी भागवत कथा का आनंद उठाया। इस सात दिवसीय भागवत कथा में आस-पास गांव के अलावा दूर दराज से काफी संख्या में महिला-पुरूष भक्तों ने आनंद उठाया। सात दिनों तक इस कथा में पुरा वातावरण भक्तिमय रहा। आज पूर्णाहुति गीता वर्षा सहस्त्रधारा और उपस्थित भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
