Share this News

कोरबा पाली 16 जून 2022(KRB24NEWS):

नगर पंचायत पाली में संचालित निशुल्क थोक सब्जी मंडी स्थल में चबूतरा और शेड निर्माण की मांग व्यापारियों के द्वारा किया गया है। उल्लेखनीय है कि लगभग 8 माह पूर्व नगर पंचायत पाली में बतौर प्रयोग थोक सब्जी मंडी का शुभारंभ किया गया था। सब्जी मंडी खुलने से व्यवसायियों सहित आम उपभोक्ताओं को भी सब्जी की कीमतों में राहत मिल रही है और इस सब्जी मंडी को अच्छा प्रतिसाद भी मिलने लगा है।

पाली व आसपास के ग्रामों के सब्जी उत्पादक अपनी सब्जियां मंडी में विक्रय कर लाभार्जन कर रहे हैं। नगर पंचायत में पौड़ी मार्ग पर पोनी पंसारी का शुभारंभ होने के साथ ही थोक सब्जी मंडी व्यापार भी केंद्र भी चालू हुआ था, शुरुआत में इसकी सफलता पर संदेह था लेकिन व्यापारियों सहित आम लोगों को क्षेत्र में महंगी बिकने वाली थोक अथवा चिल्लर सब्जी से राहत मिलने लगा है। इस स्थल पर अब सुविधाएं बढ़ाने की भी आवश्यकता महसूस की जा रही है। ठंडी और जैसे-तैसे गर्मी के मौसम में व्यापारियों ने अपना दिन काटा है, लेकिन बरसात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था अब तक नहीं हो पाई है। जिसे लेकर चिंतित हैं ।क्योंकि चबूतरा अथवा शेड नहीं होने से बरसात में कीचड़ अथवा वाहनों के चक्के फंसने की नौबत आ सकती है। जो यहां आने वाले व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। इसे देखते हुए व्यापारियों ने नगर पंचायत से चबूतरा और शेड निर्माण की मांग की है। वही सब्जियों के रखने के लिए एक गोदाम की भी मांग व्यापारियों के द्वारा किया गया है ।