Share this News

कोरबा 25 नवम्बर 2021 : विकासखण्ड कटघोरा के अमरपुर और पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड के कापूबहरा में स्थित गौठानों को रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क में ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की आजीविका गतिविधियों में संलग्न कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा। रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क में आजीविका गतिविधियों के लिए स्थान तथा अधोसंरचना विकसित होगी जहां ग्रामीण महिलाएं मुर्गी पालन, बकरी पालन, दोना-पत्तल निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, गमला निर्माण और गोबर से बनने वाले अन्य उपयोगी सामानों के उत्पादन का काम करेंगी। रूरल पार्क में वेल्डिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, एलईडी बल्ब निर्माण के साथ चप्पल निर्माण आदि की भी इकाई स्थापित की जाएगी। रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के माध्यम से महिलाओं को गांव में ही रोजगार मिल सकेगा जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क विकसित करने के लिए अमरपुर और कापूबहरा गौठान का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती साहू ने जिला पंचायत सीईओ श्री नूतन कंवर की मौजूदगी में गौठान को आजीविका का केन्द्र बनाने के लिए रूरल पार्क की कार्ययोजना पर अमल करते हुए तेजी से पार्क को विकसित करने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने अमरपुर गौठान में बकरी पालन और मुर्गी पालन शेड बनाने की कार्ययोजना का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने गौठान में गोबर से विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाए जाने वाले मशीनों का अवलोकन किया। गोबर से गमला, गोबर से लकड़ी एवं दोना-पत्तल बनाने की मशीनों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने गौठान में बिजली, पानी और जरूरी संसाधनों का भी जायजा लिया। उन्होंने गौठान में बाउंड्री वॉल के चारों ओर बांस का पौधा लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्रीमती साहू ने अमरपुर गौठान से लगी भूमि पर विकसित किए जा रहे चारागाह का भी अवलोकन किया। इस भूमि पर चारा फसल के साथ-साथ स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा सब्जी उत्पादन किया जा रहा है। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से बातचीत की और सब्जी उत्पादन से होने वाली आमदनी के बारे में भी समूह की महिलाओं से पूछा। कलेक्टर ने गौठान में मछली पालन के लिए बनाए गए डबरी का भी अवलोकन किया और मछली पालन में संलग्न समूह की महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि मछली पालन के लिए डबरी में 500 मछली बीज डाला गया है। इन मछलियों में रोहु, कतला और मृगल प्रजाति की मछलियां शामिल हैं। कलेक्टर ने गौठान के शेष क्षेत्र को भी उपयोग में लाने के लिए भूमि समतलीकरण करवाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
कापूबहरा गौठान में लगेगा चार-चिरौंजी प्रोसेसिंग यूनिट, महिलाओं को मिलेगा रोजगार – कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज कापूबहरा गौठान का भी निरीक्षण किया। विकसित किए गए गौठान से लगी जमीन में लगभग चार हजार पेड़ चार वृक्ष के हैं। इन सभी पेड़ों को फेंसिंग करके सुरक्षित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती साहू ने निरीक्षण के दौरान चार पेड़ की अधिक संख्या में उपलब्धता देख गौठान में चार-चिरौंजी प्रोसेसिंग यूनिट लगवाने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए। चार प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित हो जाने से गौठान में कार्यरत समूह की महिलाओं की आमदनी में वृद्धि होगी और अधिक महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा। कापूबहरा गौठान में कलेक्टर ने स्वसहायता समूह की महिलाओं से भी बात की। समूह की महिलाओं ने बताया कि गौठान में नींबू पौधों का भी वृक्षारोपण किया गया है। गौठान में 750 नींबू के पौधे लगाए गए हैं। महिलाओं ने बताया कि गौठान में बैंगन, लौकी, सेमी एवं बरबट्टी आदि सब्जी भी लगाई गई हैं। सब्जियां बेचकर भी समूह की महिलाओं को काफी आमदनी हो रही है। महिलाओं ने बताया कि सब्जियों के फसल में केंचुआ खाद का उपयोग करने से अधिक उत्पादन हो रहा है। कलेक्टर ने महिलाओं को नींबू के पौधों के बीच में इंटरक्रॉप के रूप में खीरा का फसल लेने का सुझाव दिया। कलेक्टर श्रीमती साहू ने कापूबहरा गौठान को रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के रूप में विकसित करने के लिए चप्पल निर्माण इकाई, साबुन निर्माण, आचार-पापड़, एलईडी निर्माण, मुर्गी पालन, बकरी पालन आदि गतिविधियां संचालित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने समूह की महिलाओं से बात करते हुए कहा कि गौठान में शेड बनाकर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार दिया जाएगा।
गौठान में स्थापित सोलर कोल्ड स्टोरेज से सब्जियों के खराब होने की चिंता हुई दूर – कापूबहरा गौठान में क्रेडा द्वारा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सौर उर्जा चलित कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की गई है। सौर उर्जा की मदद से चलने वाले कोल्ड स्टोरेज की स्थापना से गौठान में उत्पादित सब्जियों के खराब होने की चिंता दूर हो गई है। कोल्ड स्टोरेज में गौठान में उत्पादित सब्जियों को खराब होने से बचाने के लिए लंबे समय तक के लिए रखने की सुविधा मौजूद है। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने कापूबहरा गौठान निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज का भी अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं की सुविधा के लिए सब्जियों को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए कोल्ड स्टोरेज की प्रशंसा की। कोल्ड स्टोरेज में एक बार में पांच टन सब्जियों को रखने की क्षमता है। सब्जियों को एक से डेढ़ महीने तक बिना खराब हुए सुरक्षित रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *