Share this News
जबलपुर 17 जून ( KRB24NEWS ) : हमारे देश में घर आये मेहमान या परिचित को चाय पिलाने का रिवाज है, आगन्तुक खाना भले ही ना खाएं लेकिन उसके सम्मान में उसे चाय जरूर परोसी जाती है, लेकिन जब चाय पिलाने के बाद सम्मान की जगह आगन्तुक की पिटाई की जाने लगे तो बात कुछ हजम नहीं होती। घर आए मेहमानों और दोस्तों को चाय पिलाकर सम्मान देना तो आपने देखा और सुना होगा लेकिन चाय पिलाने के बाद पिटाई करने का मामला शायद पहले आपने नहीं सुना होगा।
जी हां मामला जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र का है, जहां एक सिरफिरा युवक राह चलते और अपने जान पहचान के लोगों को घर बुलाकर ससम्मान चाय पिलाता है लेकिन बाद में उसकी पिटाई भी कर देता है। जानकारी के मुताबिक इस युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है,नशीली दवाइयों के सेवन ने इसे सनकी बना दिया है।
जानकारी के अनुसार खितौला निवासी 40 वर्षीय अवधेश गौतम नाम का युवक राह चलते लोगों से पहले प्यार से बात करता है और फिर उन्हें चाय पिलाने के बहाने अपने घर ले जाता है, इसके बाद चाय पिलाने के बाद युवक लोगों से पैसे मांगता है, पैसे नहीं देने पर घर में रखा साउंड सिस्टम चालू करके लोगों की लात घूसों और डंडे से पिटाई कर देता है।
सनकी युवक सैकड़ों लोगों के साथ यह घटनाक्रम ककरचुका है। कई लोगों ने आरोपी युवक के खिलाफ अलग अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई है। जब बहुत से लोगों के साथ ऐसी वारदातें हुई तो पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सिरफिरे युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी को जिला बदर करने की तैयारी कर रही है।
