Share this News

कोरबा 16 अगस्त ( KRB24NEWS ) : दीपका थान्तर्गत ग्राम माँगामार में कच्ची महुआ शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाकर पूर्ण शराबबंदी करने ग्रामीणों ने थाना प्रभारी दीपका को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम माँगामार के कई परिवार कच्ची शराब बेचने के व्यवसाय में सालों से संलिप्त हैं। आसानी से महुआ शराब मिलने के कारण ग्राम के बच्चे, युवा वर्ग, बुजुर्ग से लेकर महिला वर्ग भी शराब की गिरफ्त में आ रहे हैं। इस ग्राम के खासकर लोग यूरिया एवं नशीले गोली मिलाकर महुआ शराब बनाते हैं। जिसे शराब प्रेमी लगातार सेवन करने के बाद किडनी व फेफड़े की बीमारी से ग्रसित हो रहे हैं।

ज्ञापन में यह उल्लेखित किया है कि गाँव में लोग महुवा शराब पीने आतें हैं जहां महिलाओं और बच्चों को घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है। कच्ची शराब बनाने वाले महुआ शराब बनाने के बाद सड़े हुए महुआ को तालाबों में फेंक देते हैं। जिससे ग्राम के मुख्य निस्तारी तालाब का पानी दूषित हो गया है। तालाब में नहाने पर त्वचा में खुजलाहट होकर चर्म रोग उत्पन्न हो रहा है। ग्रामीणों के ज्ञापन को दीपका थाना प्रभारी ने गंभीरता से लेते हुए महुआ शराब बेचने वालों के खिलाफ धर-पकड़ की कार्यवाही तेज करने का पूर्ण आश्वाशन दिया है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से ग्राम पंचायत माँगामार में पूर्ण शराब बंदी कराने का आग्रह किया।