Share this News
कोरबा/पाली : 28 अगस्त 2025 को ग्राम पंचायत नानपुलाली के नवापारा गांव में रजत महोत्सव 2025 आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि श्री धर्मेंद्र कुमार राज (जनपद सदस्य) और ग्राम पंचायत नान पुलाली के सरपंच प्रतिनिधि श्री मुकेश जगत की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री एम् एस गोंड, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (पाली), ने किया। उन्होंने रजत महोत्सव 2025 के महत्व के साथ कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों का उपयोग के बारे में किसानो को जानकारी दी।
श्री अजय सिंह, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) के तहत नवापारा में आयोजित राइस ग्राम प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा की। श्री स्वप्निल सिंह (RAEO) ने इस प्रदर्शन में किसानों को निःशुल्क वितरण माइकोराइजा, पीएसबी, जेडएसबी जैव उर्वरकों और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स के उपयोग से धान की फसल में उत्पादकता बढ़ाने की तकनीकों पर जानकारी दी।श्री एस के पैगबर (RAEO, पाली) ने एग्री स्टैक फार्मर रजिस्ट्री के महत्व को रेखांकित करते हुए किसानों को इसके लाभों से अवगत कराया। वहीं, श्री एच सी सेंड्रे (RAEO, लाफा) ने धान की फसल पर लगने वाले कीटों और रोगों की पहचान, समय पर नियंत्रण पर जोर दिया। जबकि श्री बोधराम पैकरा (RAEO, पटपरा) ने दलहन और तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत चर्चा की, जो क्षेत्रीय कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण हैं। साथ ही, श्री नवीन कुमार जायसवाल (RAEO, माखनपुर) ने मोटे अनाजों (मिलेट्स) की बढ़ती मांग और पोषण मूल्य पर प्रकाश डाला, और इस कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण रहा एफपीओ श्री रामफल पटेल द्वारा ड्रोन के माध्यम से जैव उर्वरक और नैनो यूरिया का छिड़काव। यह जीवंत प्रदर्शन श्रीविधि और लाइन ट्रांसप्लांटिंग तकनीक से लगाई गई धान की फसलों पर किया गया। श्री पटेल ने ड्रोन के कृषि क्षेत्र में उपयोग, जैसे समय और श्रम की बचत, और सटीक छिड़काव पर विस्तार से जानकारी दी। प्रदर्शन क्लस्टर प्रभारी श्री ए एल मरकाम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (सैला), के नेतृत्व में कृषि विभाग के सभी फील्ड अधिकारियों ने किसानों के साथ उनके खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान फसलों की स्थिति का जायजा लिया गया और उचित सलाह दी गई, ताकि किसान अपनी फसलों की गुणवत्ता और उत्पादकता को बढ़ा सकें।
इस आयोजन में ग्राम पंचायत के पंचों, 60 से अधिक किसानों, और क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। यह कार्यक्रम न केवल कृषि नवाचारों को प्रदर्शित करने में सफल रहा, बल्कि किसानों को आधुनिक तकनीकों और योजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच भी साबित हुआ। रजत महोत्सव 2025 ने नवापारा के किसानों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया, जो भविष्य में कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
