Share this News

कोरबा/पाली 19 अगस्त ( KRB24NEWS) : दंतेवाड़ा में नक्सली हमले के दौरान नक्सलियों से लोहा लेते वीरगति को प्राप्त हुए शहीद आदित्यशरण प्रताप सिंह तंवर की चौथी पुण्यतिथि बीते मंगलवार 18 अगस्त को पाली विकासखण्ड अंतर्गत उनके गृहग्राम कर्रा चनवारी नावापारा में उनके चबूतरा स्थल पर परिवारजन एवं ग्रामीणों द्वारा मिलकर मनाते हुए नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित किया गया।वीर आदित्यशरण के इस शहादत दिवस के अवसर पर ग्राम की सरपंच श्रीमती पूर्णा पिंटू सिंह तंवर द्वारा ग्राम पंचायत के 10 वी एवं 12 वी में प्रथम आए मेघावी छात्र-छात्राएं को 41 व 31 सौ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान किया गया।इस अवसर पर उपसरपंच जानसिंह, सरपंचपति पिंटू सिंह, पंच विशाल सिंह, शिवनाथ सिंह, वीरसिंह, पंचपति गोपालसिंह, गौठान समिति के अध्यक्ष बुधवार सिंह, मेट रामनारायण सहित सभी ग्रामवासी उपस्थित हुए जिनके द्वारा शहीद आदित्य शरण के चौंथी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया गया।

ज्ञात हो कि शहीद आदित्यशरण प्रताप सिंह तंवर की तैनाती दंतेवाड़ा थानांतर्गत इलाके में थी।जहाँ गत 16 अगस्त 2016 को सर्चिंग के दौरान कुंआकोंडा जंगल में अचानक हुए नक्सली हमले के दौरान मोर्चा सम्हाल और नक्सलियों से लोहा लेते हुए वे घायल हो गए थे और 18 अगस्त को उन्हें शहादत की प्राप्ति हुई थी।जहाँ गत 18 अगस्त को ही शहीद के पार्थिव शरीर को उनके गृहग्राम कर्रा चनवारी नावापारा लाया गया एवं प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में राजकीय सम्मान के साथ उनके पार्थिव देह को पंतत्व मे विलीन किया गया था।तथा अंतिम विदाई दी गई थी।जहाँ हजारो की संख्या में स्थानीय सहित आसपास के ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।

चौथी पुण्यतिथि पर नही पहुँचे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि

भारत माँ के जिस वीर जवान ने देश की सुरक्षा व सम्मान के खातिर सीना तान अपनी जान न्योछावर कर दिया।उस लाल की शहादत को जनप्रतिनिधिगण भूल गए और शहादत दिवस के मौके पर सत्ता या विपक्ष का कोई भी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि शहीद वीर जवान के गृहग्राम स्थित उसके चबूतरा स्थल पर चौथी पुण्यतिथि हेतु श्रद्धांजलि अर्पित करने नही पहुँचे।यह एक दुर्भाग्यजनक बात है।लगता है क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण ऐसे कार्य अवसर के लिए भी आमंत्रण-निमंत्रण की अपेक्षा रखते है।

शहीद चबूतरा, स्मारक एवं पचरी निर्माण की घोषणा हुई हवा हवाई

शहीद आदित्यशरण प्रताप के पंचतत्वविलीन काल के दौरान हजारों की संख्या के बीच उपस्थित पाली तानाखार के पूर्व विधायक रामदयाल उइके द्वारा शहीद चबूतरा एवं स्मारक निर्माण कराए जाने की घोषणा की गई थी इसके अलावा कोरबा लोकसभा के पूर्व सांसद द्वारा भी शहीद के नाम पर पचरी निर्माण कराने घोषणा किया था।लेकिन आज पर्यंत तक उक्त घोषणाओं को अमल पर नही लाया जा सका और किये गए घोषणाएं हवा हवाई होकर रह गई।