Share this News
कोरबा/बांगों 8 अप्रैल ( KRB24NEWS ) : समय पर बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचता और अपनी ओर से कोशिश नहीं करता तो कटघोरा के तीन युवकों के जीवन को संकट से उबारना काफी मुश्किल हो जाता. हसदेव नदी में अचानक जल स्तर बढ़ जाने से ये मौके पर फंस गए थे. सकुशल बाहर निकलने पर उन्होंने राहत की सांस ली खबर के अनुसार जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर यह घटना बांगो क्षेत्र में हुई. हसदेव नदी इस इलाके में प्रवाहित होती है. गर्मी के सीजन में यहां कुछ स्थानों पर पानी कम हो गया है. बीच में कुछ स्पॉट ऐसे हैं जहां लोग पहुंच जाते हैं। इसके साथ ही अपने कई शौक पूरे करते हैं।
बताया गया कि कटघोरा में उपजेल के पास की एक बस्ती में रहने वाले तीन युवकों को समय गुजारने के लिए यह स्थान पसंद आया। वे यहां पर पहुंचे हुए थे। उनकी योजना काफी देर तक यहां रूकने की थी। उन्होंने मोबाइल पर फोटो लेने का विचार भी बनाया तभी एचटीपीएस की 120 मेगावाट क्षमता वाली हाइड्रल प्रोजेक्ट से पानी डिस्चार्ज कर दिया गया. नतीजा ये हुआ कि उस जगह पर जल स्तर पहुंच गया जहां युवक मौजूद थे. खुद को खतरे में घिरा देख युवक बुरी तरह डर गए. फिर भी जिंदगी की आस में उन्होंने डायल 112 को कॉल किया. कुछ देर में पुलिस की गाड़ी यहां पहुंची. उसके साथ आए जवानों ने रस्सी उस स्थान तक फेंकी. आपदा प्रबंधन संबंधी कार्यों में दोनों पक्षों को किस तरह काम करना होता है, युवकों ने इसका अनुशरण करते हुए रस्सी को मजबूती से पकड़ने के साथ खतरे वाले स्थान से खुद को बाहर किया. जवानों ने इस काम में अपनी ओर से भूमिका निभाई. पुलिस ने इन युवकों के साथ-साथ दूसरों को सलाह दी है.कि नदियों के बीच में कभी भी यह सोचकर ना जाएं कि जल स्तर हर समय एक जैसा हो सकता है. वहां खतरे कभी भी हो सकते हैं, और लेने के देने भी पड़ सकते हैं.
