Share this News

रायगढ़ (KRB24 NEWS) : रायगढ़ में बदमाशों ने 12 साल के बच्चे को अगवा कर लिया. अपहरण के बाद परिजनों से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई. मगर समय पर पुलिस को सूचना दिए जाने की वजह से अपराधियों के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके. पुलिस ने वारदात के 12 घंटे के भीतर ही अगवा बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. साथ ही तीन अपहर्ताओं को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक कोरोना वायरसमहामारी की वजह से लागू लॉकडाउन में नौकरी छूट जाने से परेशान 3 युवकों ने बच्चे का अपहरण कर फिरौती वसूलने का प्लान बनाया था. अपहर्ताओं ने बच्चे को अगवा कर उसे शहर से 12 किलोमीटर दूर जंगल में छुपा रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए।

मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी के तहत बरहामड़ा गांव में बीते गुरुवार को अपराधियों ने 12 वर्षीय बालक को अगवा किया था. अपहरण के बाद बच्चे के पिता संजू बड़ा ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी, साथ ही यह भी बताया कि अपराधियों ने बच्चे को छोड़ने के लिए 5 लाख रुपए फिरौती मांगी है. अपहरण की वारदात की सूचना पर एसपी रायगढ़ संतोष कुमार सिंह तुरंत पुलिस चौकी पहुंचे और वहां बच्चे को छुड़ाने के लिए एक टीम गठित की गई।

मामले में एसपी ने तत्काल एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा की अगुवाई में रात में ही पुलिस टीम को रवाना किया. पुलिस टीम ने अपराधियों को पकड़ने के लिए बरहामड़ा गांव के आसपास के इलाके की नाकाबंदी कर दी. बच्चे के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद अपराधियों की तलाश शुरू हुई. पीड़ित परिवार से पूछताछ में पता चला कि बालक के पिता ने कुछ माह पहले ही अपनी जमीन बेची थी और वहीं गांव में ही रहकर बिजली पोल लगाने का काम करने वाले अरुण टोप्पो और उसका साथी विकास तिर्की घटना के बाद से गायब हैं. अरुण टोप्पो पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है. इस संदेह के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू की।